वन्य जीव सप्ताह सोमवार से प्रारंभ
30 Sep
2007
वन्य जीवों के संरक्षण के प्रति जनचेतना जगाने के होंगे प्रयास, प्रतियोगिता, रैली, वार्ताओं का होगा आयोजन
डूंगरपुर ३० सितंबर/वन मण्डल डूंगरपुर के तत्वावधान में वन्य जीव सप्ताह एक अक्टूबर से सात अक्टूबर तक धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दौरान वन्य जीवों के संरक्षण के लिए प्रयासों के तहत विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं, रैली, वार्ताओं का आयोजन किया जाएगा।
वन मण्डल डूंगरपुर के उप वन संरक्षक ओ सी चन्देल ने बताया कि वन्य जीव सप्ताह के तहत जिले की जैव विविधता के प्रति गौरव उत्पन्न करने और वन्य जीवों के संरक्षण व संवर्धन के प्रति जनचेतना जगाने के लिए सप्ताह भर शहर व जिले के विभिन्न विद्यालयों में वन्य जीव व उनके संरक्षण विषयों पर पर्यावरणीय विषयों के जानकार वीरेन्द्रसिंह बेडसा व अन्य विशेषज्ञों द्वारा वार्ताओं की प्रस्तुति दी जाएगी।
इसी प्रकार चार अक्टूबर को प्रातः १० बजे स्थानीय लक्ष्मण मैदान स्थित डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी सभागार में विद्यार्थियों के लिए वन्य जीव विषयक क्विज व पोस्टर प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। प्रतियोगिता का आयोजन चार वर्गों में किया जाएगा। प्राथमिक वर्ग में कक्षा एक से पांच, उच्च प्राथमिक वर्ग में कक्षा ६ से ८, माध्यमिक वर्ग में कक्षा ९ से १० तथा उच्च माध्यमिक वर्ग में कक्षा ११ से १२ के विद्यार्थी हिस्सा ले सकेंगे। प्रत्येक वर्ग में एक विद्यालय से तीन विद्यार्थी हिस्सा ले सकेंगे। पोस्टर प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को पेंसिल, रंग इत्यादि सामग्री साथ लानी होगी। शीट प्रतियोगिता स्थल पर वन विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी।
इसी प्रकार सप्ताह के तहत ’टाईगर बचाओ’ विषयक रैली का आयोजन भी किया जाएगा।
|