बांसवाडा, ३० सितम्बर/दो तारीख के गुर्जर आन्दोलन के मद्देनजर बांसवाडा जिले में भी प्रशासन ने अपनी ऐहतियाती व्यवस्थाओं को पुख्ता बनाने के सभी उपाय सुनिश्चित कर लिए हैं। इसके अन्तर्गत संभाग के राजसमन्द में २ अक्टूबर को निर्धारित कार्यक्रम को देखते हुए जिले के विभिन्न क्षेत्रां में पुलिस व प्रशासनिक बन्दोबस्त को अंजाम दिया जा रहा है। कानून व्यवस्था को बनाए रखने के साथ ही इससे जुडे सभी प्रशासनिक प्रबन्धों को अंजाम दिया जा रहा है।
इस बारे में रविवार को बांसवाडा जिला कलक्ट्री सभा कक्ष में महत्त्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें अतिरिक्त जिला कलक्टर त्रिभुवनपति एवं जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी टीकमचन्द बोहरा ने प्रशासनिक एवं पुलिस प्रबन्धों की बिन्दुवार समीक्षा की और सभी संबंधित विभागों को सख्त निर्देश दिए कि वे अपने स्तर पर सम्पूर्ण तैयारियां बनाए रखें ताकि आवश्यकता पडने पर इनका अच्छी तरह उपयोग किया जा सके।
बैठक में पुलिस उपाधीक्षक प्रेमसिंह चौहान, तहसीलदार चन्द्रशेखर परमार, अधिशासी अभियन्ता(बिजली) शांतिलाल पटेल, नगरपालिका के कार्यवाहक अधिशासी अधिकारी दिलीप गुप्ता, मुख्य आयोजना अधिकारी दिनेशचन्द्र जैन, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी ए.के. लोढा, जिला रसद अधिकारी घनश्याम पारीक, परिवहन विभाग के मनोज शर्मा, जेल विभाग से मोइनुद्दीन पठान, जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. सक्सेना सहित अनेक अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर त्रिभुवनपति एवं अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी टी.सी. बोहरा ने अधिकारियों से कहा कि वे सभी व्यवस्थाओं को इस प्रकार पुख्ता रखें कि जब भी जरूरत पडे, इनका आसानी से बेहतर उपयोग सामने दिख सके।
उन्होंने कानून व्यवस्था तथा विभिन्न प्रबन्धों से जुडे अधिकारियों से कहा कि वे जरूरत पडने पर परस्पर समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों को अच्छी तरह निभाएं ताकि निर्देशों के अनुरूप तमाम गतिविधियां समय पर पूरी करें।
बैठक म जानकारी दी गई कि २ अक्टूबर को गूजरों के प्रस्तावित जेल भरो आन्दोलन के मद्देनजर राजसमन्द से आन्दोलनकारियों को बांसवाडा भिजवाए जाने की स्थिति में जिला जेल सहित क्षेत्रा की उप जेलों को तैयार रखा जाए। इसके साथ ही जिला मुख्यालय तथा जिले के तहसील मुख्यालयों पर सरकारी या गैर सरकारी भवन को काम में लिया जाएगा जहां अस्थायी जेल के सारे प्रबन्ध सुनिश्चित किए जाएंगे। इसके साथ ही जिला जेल में सभी जरूरी व्यवस्थाएं त्वरित गति से पूर्ण कर लेने को कहा गया है। अस्थायी जेलों में पुलिस के साथ ही होमगार्ड्स तैनात किए जाएंगे।
बैठक में बताया गया कि राजसमन्द जिले म गिरफ्तारी देने वाले गूजरों के लिए जेलों की जरूरत पडने की स्थिति में ही इन लोगों को बांसवाडा भिजवाया जा सकता है। ऐसी स्थितियों के मद्देनजर पहले से सभी व्यवस्थाओं को पुख्ता तरीके से अंजाम दिये जाने को लेकर व्यापक चर्चा हुई और महत्त्वपूर्ण निर्णय लिए गए। संभावित स्थितियों में भोजन, जेल, चिकित्सा, पानी-बिजली सहित सभी जरूरी उपायों को पुख्ता बनाए रखने के लिए सभी संबंधित विभागों को पाबन्द किया गया। सभी तहसीलदारों से कहा गया कि वे तहसील स्तर पर संबंधित अधिकारियों की बैठकें बुलाकर ऐहतियाती व्यवस्थाओं को अंजाम दें तथा पूरी तैयारी रख।
पुलिस उपाधीक्षक प्रेमसिंह चौहान ने पुलिस प्रबन्धों के बारे में विस्तार से जानकारी दी और बताया कि पुलिस प्रशासन ने अपने स्तर पर सभी प्रबन्ध सुनिश्चित कर दिए हैं।