समाज कल्याण सप्ताह सोमवार से प्रारंभ
30 Sep
2007
सात दिनों तक विभिन्न दिवसों का होगा आयोजन
डूंगरपुर ३० सितंबर/राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयन्ती के उपलक्ष में एक अक्टूबर से सात अक्टूबर तक जिला प्रशासन एवं सामाजिक न्याय एवं आधिकारिता विभाग द्वारा समाज कल्याण सप्ताह का आयोजन किया जाएगा।
जिला कलक्टर नीरज के.पवन ने बताया कि एक अक्टूबर को वृद्ध कल्याण दिवस के रूप में मनाया जाएगा तथा इस अवसर पर दोपहर दो बजे से शहर के नरसिंहपुरा जैन समाज के नोहरे में पात्र वृद्धजनों की पेंशन स्वीकृतियां जारी की जाएंगी व समाज के वयोवृद्ध व्यक्तियों का सम्मान किया जाएगा।
दो अक्टूबर को अनुसूचित जातियों के कल्याण दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इस अवसर प्रातः साढे पांच बजे गांधी आश्रम से प्रभात फेरी निकाली जाएगी व सात बजे लक्ष्मण मैदान स्थित डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी सभागार में सर्वधर्म प्रार्थनासभा का आयोजन किया जाएगा वहीं प्रातः ९ बजे साबला में समाज कल्याण के छात्रावास से गांधी मूर्ति पिण्डावल तक पदयात्रा का भी आयोजन होगा।
तीन अक्टूबर को अपराधी सुधार दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इसमें प्रातः ११ बजे जिला कारागृह में कैदियों की समस्याओं पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा व कैदियों की पारिवारिक पृष्ठभूमि एवं विवादों की जानकारी प्राप्त करते हुए उनकी समस्याओं के समाधान किया जाएगा। इसी प्रकार कैदियों के लिए व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रम भी प्रारंभ किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि चार अक्टूबर को बाल दिवस के रूप में मनाते हुए लक्ष्मण मैदान में निःशक्त बालकों/बालिकाओं की खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन व कमजोर वर्गों के बच्चों के टीकाकरण व स्वास्थ्य जांच करवाई जाएगी। पांच अक्टूबर को महिला कल्याण दिवस के रूप में मनाते हुए प्रातः ११ बजे महिलाओं की समस्याओं पर समस्त महिला व बाल विकास अधिकारी कार्यालयों पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। छः अक्टूबर को जनचेतना दिवस के रूप में मनाया जाएगा तथा प्रातः ११ बजे समस्त आंगनवाडी केन्द्रों पर सामाजिक कुरीतियों पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक नेमीचंद शर्मा ने बताया कि सप्ताह का समापन सात अक्टूबर को निःशक्तजन कल्याण दिवस के रूप में मनाते हुए किया जाएगा। इस मौके पर महावीर इंटरनेशन के रोग निदान केन्द्र पर निःशक्तजन सहायता शिविर का आयोजन किया जाएगा और निःशक्तों से संबंधित विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्र व रेल्वे, बस पास आदि बनाए जायेंगे। सायं ३ बजे समापन समारोह का भी आयोजन होगा।
|