शिक्षक को समाज में भगवान से ज्यादा सम्मान-जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी राज्यमंत्री
30 Oct
2007
पाली जिले के प्रभारी एवं जन स्वास्थ्य अभियान्त्रिकी राज्य मन्त्री श्री चुन्नीलाल धाकड ने कहा है कि भारत में गुरू को भगवान से भी अधिक सम्मान दिया गया है।
जयपुर, ३० अक्टूबर। पाली जिले के प्रभारी एवं जन स्वास्थ्य अभियान्त्रिकी राज्य मन्त्री श्री चुन्नीलाल धाकड ने कहा है कि भारत में गुरू को भगवान से भी अधिक सम्मान दिया गया है। यह सम्मान बरकरार रहे इसके लिये गुरूजनों को अपनी ओर से हर संभव प्रयास करने होंगे।
श्री धाकड सोमवार को बांगड विद्यालय परिसर में आयोजित राजस्थान शिक्षक संघ के दो दिवसीय प्रान्तीय शैक्षिक अधिवेशन के उद्घाटन सत्र को सम्बोधित कर रहे थे।
शिक्षा के स्तर में सुधार की आवश्यकता पर जोर देते हुये प्रभारी मंत्री ने शिक्षकों का आह्वान किया कि वे बच्चों को ऐसी शिक्षा दें ताकि वे परिवार के साथ समाज की सेवा एवं प्रत्येक व्यक्ति का यथोचित सम्मान कर सकें। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किये गये ऐतिहासिक कार्यों का जिक्र करते हुये कहा कि प्रत्येक अध्यापक इसमें अपना सहयोग प्रदान कर राज्य को सम्पूर्ण शिक्षित बनाने में सहयोगी बनें। उन्होंने सरकार की योजनाओं एवं प्रदेश में हो रहे चंहुमुखी विकास के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर विधायक श्री ज्ञानचन्द पारख ने कहा कि समस्याओं के समाधान करने के लिये संघर्ष आवश्यक है परन्तु समाधान के पश्चात् मनोयोग से काम करना भी जरूरी है। उन्होंने शिक्षकों को राष्ट्र का भविष्य निर्माता बताया। विधायक श्री शंकरसिंह राजपुरोहित ने कहा कि शिक्षक बच्चों को संस्कारित इन्सान के रूप में समाज के सामने प्रस्तुत करता है। विधायक श्रीमती लक्ष्मी बारूपाल ने कहा कि शिक्षा के साथ गांव के चहुंमुखी विकास में भी शिक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। शिक्षक को गांव की समस्या व उसके समाधान का व्यवहारिक ज्ञान होता है अतः उनकी इस योग्यता एवं अनुभव का लाभ उठाना चाहिये।
राजस्थान शिक्षक संघ के मुख्य संरक्षक श्री शिवकिशोर सनाढ्य ने कहा कि सच्चे मन, मेहनत एवं समर्पण भाव से कार्य करने वाले शिक्षक का सर्वत्र सम्मान होता है। शिक्षक सदैव राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानता आया है और वह शिक्षण के साथ अन्य कार्य भी जरूरत पडने पर उसी लगन व निष्ठा के साथ सम्पादित करता है। संघ के संरक्षक श्री भंवर सेठ व प्रदेश अध्यक्ष श्री रोहिताश कुमार त्यागी ने कहा कि अधिकारों के लिये संघर्ष करके ही हम संगठन को मजबूत बना सकते हैं। शिक्षक संघ के प्रदेश महामंत्री श्री छगनलाल रोज ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। जिलाध्यक्ष श्री महिपाल सिंह लखावत ने सभी प्रतिनिधियों का स्वागत किया।
|