स्भागीय आयुक्त ने ग्राम चौपाल में जन समस्याएं सुनी
30 Nov
2007
अजमेर संभागीय आयुक्त श्री दीपक उप्रेति एवं जिला कलक्टर श्री हेमंत गेरा ने गुरुवार को भीलवाडा जिले में बनेडा क्षेत्र के मूसी, बल्दरखा एवं घरटा ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर ग्राम चौपाल में जन समस्याएं सुनी।
जयपुर, ३० नवंबर। अजमेर संभागीय आयुक्त श्री दीपक उप्रेति एवं जिला कलक्टर श्री हेमंत गेरा ने गुरुवार को भीलवाडा जिले में बनेडा क्षेत्र के मूसी, बल्दरखा एवं घरटा ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर ग्राम चौपाल में जन समस्याएं सुनी। मसी ग्राम में आवगमन की सुविधा हेतु मेन रोड से बसों का संचालन करने, शाहपुरा से रायला रोड के बीच आठ किलोमीटर टुकडे का डामरीकरण करने, गांव में से अतिक्रमण हटवाने तथा तालाब की मोरी का निर्माण करवाने संबधी सार्वजनिक समस्याओं के अलावा अन्य समस्याएं भी लोगों ने संभागीय आयुक्त से समक्ष रखी ।
सभागीय आयुक्त ने प्रत्येक समस्या पर ग्रामवासियों के साथ विस्तार से बात करते हुए समाधान हेतु सुझावों पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि अप्रेल से जिले में शुरू होने वाली राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना के तहत ज्यादा से ज्यादा विकास के कार्य करवाये जा सकेंगे जिससे अधिकांश समस्याओं का समाधान संभव हो सकेगा।
संभागीय आयुक्त एवं जिला कलक्टर ने गांव के दो अनाथ बालक विनोद एवं हेमराज को पालनहार योजना के तहत लाभान्वित करने हेतु आवेदन पत्र तैयार करने के लिए विकास अधिकारी को मौके पर ही निर्देश दिये। उन्होंने विद्यालय में विद्यार्थियों को मिड-डे-मील वितरण के बारे में भी ग्रामवासियों एंव छात्रें से जानकारी ली।
जिला कलक्टर ने कहा कि सरकार की रीति नीति के अनुरूप जनसमस्या समाधान हेतु प्रत्येक गुरुवार एवं शनिवार को ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर ऐसी ग्राम चौपालों का आयोजन किया जाता है और जन समस्याएं सुनते हुए यथा संभव उनका मौके पर ही अथवा विभागीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित किय जाता है।
|