सूरतगढ, (विकास यादव) श्रीगंगानगर व हनुमानगढ जिलों के अवलोकन पर गुरुवार को सूरतगढ पहुंचे उत्तर-पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अशोक कुमार गुप्ता की विशेष गाडी के आगे लोगों द्वारा जाम लगाने के कारण उन्हें करीब आधे घंटे बाद देरी से रवाना होना पडा। सुरक्षा बलों ने लोगों को खदेडकर गाडी को रवाना किया। श्रीगंगानगर से स्वरूपसर तक के अमान परिवर्तन कार्य का अवलोकन करते हुए महाप्रबंधक श्री गुप्ता गुरुवार अपराह्न साढे तीन बजे यहां स्टेशन पहुंचे। उनके साथ मण्डल रेल प्रबंधक, पंकज जैन सहित वरिष्ठ अधिकारी थे। यहां पर उन्होंने पर स्टेशन का अवलोकन करने के साथ ट्राली में बैठकर यार्ड का अवलोकन किया। इस दौरान नागरिक संघर्ष समिति (रेलवे) के संयोजक लक्ष्मण शर्मा के नेतृत्व में ज्ञापन महाप्रबंधक को देने विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी खडे थे। समिति के लोगों का कहना था कि महाप्रबंधक उनसे वार्ता करें, लेकिन रेलवे अधिकारियों ने उन्हें स्टेशन पर ही मिलकर ज्ञापन देने की बात कही। इस पर समिति के लोग आक्रोशित होकर महाप्रबंधक की विशेष गाडी के आगे जम गये। इनमें संयुक्त व्यापारी संगठन के प्रधान भगवानदास धींगडा, ट्रांसपोर्ट एसो. के ओमप्रकाश सोमानी, फोटोग्राफर एसोसिएशन के अध्यक्ष दर्शन मिड्ढा, सुरेश मिश्रा, शिव सेना के ओमप्रकाश शर्मा, नगर प्रमुख राजेश भाटी, युवक कांग्रेस के जिला महामंत्री पवन सोनी, शेरू सिंधी, एसएफआई के ललित शर्मा सहित काफी संख्या में महिला-पुरुष शामिल थे। विशेष गाडी को रोकने से रेलवे प्रशासन व सुरक्षा बलों के अधिकारी हरकत में आ गये। काफी देर की समझाइश के बाद भी आक्रोशित लोग गाडी के आगे डटे रहे। इस पर आरपीएफ व जीआरपीएफ के अधिकारियों ने संघर्ष समिति के लोगों को खदेड कर गाडी को रवाना किया। इस दौरान आक्रोशित लोगों की सुरक्षा बलों के अधिकारियों से झडप भी हुई। आक्रोशित लोगों ने महाप्रबंधक के खिलाफ नारेबाजी भी की। उधर, महाप्रबंधक से नगरपालिका अध्यक्ष इकबाल मोहम्मद कुरैशी के नेतृत्व में कांग्रेसजनों आदि ने मिलकर ओवर ब्रिज बनाने, गाडियों की लेटलतिफी पर अंकुश लगाने सहित कई समस्याएं हल करने की मांग की।
समाजवादी नेता दिलात्म प्रकाश जैन ने ज्ञापन देकर ओवरब्रिज का नक्शा पास करने, जयपुर के लिए वाया बीकानेर रात्रि गाडी चलाने की मांग की। महाप्रबंधक अशोक गुप्ता ने सभी समस्याओं के शीघ्र हल का आश्वासन दिया। रेलवे स्टेशन पर गत हुए निर्माण कार्यों के घटिया होने की शिकायत भी लोगों ने की। जिस पर उन्होंने जांच की बात कही। प्रतिनिधि मण्डल में पालिका उपाध्यक्ष विनोद पाटनी, पार्षद मदन ओझा,े कांग्रेस के जिला सचिव वेदप्रकाश कडवासरा, ब्लॉक महामंत्री कमल सचदेवा, आवासन मण्डल कल्याणकारी समिति के अध्यक्ष चरणदास टण्डन आदि शामिल थे। श्रीगंगानगर-स्वरूपसर रेल लाइन का अमान परिवर्तन कर ब्रॉडगेज करने के कार्य का निरीक्षण करने के बाद महाप्रबंधक ने बताया कि कार्य संतोषजनक चल रहा है। इस कार्य में गति लाकर 2॰॰9 तक इस कार्य को पूर्ण कर दिया जायेगा।