सिंचाई विभाग के भवन में सदर थाने का उद्घाटन
सूरतगढ, आखिर एक लम्बे इंतजार के बाद सदर थाना गुरुवार से अस्तित्व में आ गया। शाम को एक सादे समारोह में सिंचाई विभाग के भवन के 10 कमरों में स्थापित सदर थाने का उद्घाटन अतिरिक्त कलेक्टर करणसिंह ने किया। इसके साथ ही सूरतगढ में पुलिस थानों की संख्या दो हो गई है, जबकि वृताधिकारी के कार्य क्षेत्र में तीन थाने संचालित हो गए हैं। पूर्व में वृताधिकारी के अधीन राजियासर व सूरतगढ थाना ही शामिल थे।
इस अवसर पर पूजा अर्चना में अतिरिक्त कलेक्टर करणसिंह, उपखण्ड अधिकारी रामदेवसिंह बेनीवाल, पुलिस उपाधीक्षक प्रकाश शर्मा, सीटी थाना के प्रभारी रामनिवास मीणा, राजियासर थाना प्रभारी रिछपाल सिंह ने पूजा-अर्चना करवाई। इसके बाद करणसिंह ने फीता काटकर थाने का उद्घाटन किया। पूजा-अर्चना पण्डित रामेश्वरलाल शर्मा ने करवाई।
सदर थाने के लिए औद्योगिक संस्थान के सामने 5 बीघा जमीन आरक्षित कर दी गई है, लेकिन इस जगह में भवन निर्माण तक थाना सिंचाई विभाग के भवन के एक हिस्से में संचालित किया जा रहा है। सदर थाना की मांग पिछले लम्बे समय से की जा रही थी। सूरतगढ थाने में मुकदमों का ग्राफ काफी ज्यादा होने के कारण सदर थाने की दरकार थी।
शर्मा होंगे प्रथम प्रभारी
सूरतगढ। सदर थाना के प्रथम प्रभारी के रूप में घमूडवाली एसएचओ संदीप शर्मा को लगाया गया है। वे सम्भवतः कल तक कार्यभार संभाल लेंगे। उनके साथ द्वितीय अधिकारी उपनिरीक्षक जगदीश बिश्ा*ोई के साथ दो एएसआई, दो हवलदार, दो महिला सिपाही सहित 11 कांस्टेबल, 2 चालक नियुक्त किए गए हैं। एक गाडी भी थाना में उपलब्ध करवाई गई है। सदर थाने का फोन नं. 22॰533 होगा।
थाने को बांटे क्षेत्र
सूरतगढ। सदर थाना में गुरुसर मोडिया, ढाबा झालार, भगवानगढ, सरदारपुरा बीका, संघर, रामसरा जाखडान, घमण्डिया, निर्वाणा, श्योपुरा, छावनी, 8 एसएचपीडी, सरदारगढ, सादेकी, मानेवाला, रामपुरान्यौला, कीकरवाली, भगवानसर, हिन्दो, संगीता, पदमपुरा, जानकीदासवाला, 13 एसडी, सीलवानी, अमरपुरा, करमली ढाणी को शामिल किया गया है। जबकि सूरतगढ थाना में शहर के अलावा मानकसर, करनीसर धांधल, वायु सेना स्टेशन, नांगलिया, पीपेरन, पिलांनिया, किशनपुरा, रंगमहल, बारेकां व सरदारपुरा खर्था गांव को शामिल किया गया है।