बीकानेर। बीकानेर जिला आंगनबाडी कर्मचारी संघ ने मकान किराये का भुगतान करवाने सहित अन्य मांगों को लेकर जिला कलेक्ट्रेट व उपनिदेशक महिला एवं बाल विकास विभाग कार्यालय के आगे प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा। आंगन बाडी कार्यकर्त्ताओं को सबोधित करते हुए संघ की जिलाध्यक्ष गंगादेवी मेघवंशी ने कहा कि आंगनबाडी कार्यकर्त्ताओं को मकान किराये के लिए बेवजह परेशान किया जा रहा है। उन्हें मकान मालिक का बैंक खाता संया देने पर ही भुगतान करने का दवाब डालते है। जबकि अन्य विभागों के कर्मचारियों को वेतन के साथ ही उन्हें मकान किराया दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कई मामलों में मकान मालिक का खाता स्टेट बैंक ऑफ बीकानेर एण्ड जयपुर में होना आवश्यक है। मकान मालिकों से जब बैंक खाते के बारे में पूछा जाता है तो वे उन्हें मकान खाली करने का कह देते है। संघ ने जिला कलक्टर व उपनिदेशक महिला एवं बाल विकास विभाग को ज्ञापन सौंपकर आंगनबाडी कार्यकर्त्ताओं को मकान किराये का भुगतान मानदेय के साथ किया जाये। इसके अलावा सेक्टर ‘ए’ क्षेत्र की कार्यकर्त्ताओं का बकाया मानदेय शीघ्र दिलाने तथा पीबीएम अस्पताल में प्रसव हेतु प्रसवधारिकी को ले आने पर उन्हें नगद भुगतान दिलाने की मांग की। प्रदर्शन कार्यक्रम में मंजू जोशी, संगीता टाक, कंचन प्रजापत आदि ने विचार रखें।