जयपुर। कृषि विभाग की ओर से राज्य में गत 20 मई से 15 जून तक संचालित किये गये कृषि ज्ञान व आदान शिविर खरीफ अभियान 2009 में कृषकों से प्राप्त प्रार्थनापत्रों के निस्तारण के लिए एक अगस्त से 15 अगस्त 2009 तक प्रत्येक पंचायत समिति स्तर पर फोलोअप केम्प आयोजित किये जायेंगे। कृषि आयुक्त जे.सी.महान्ति ने बताया कि खरीफ अभियान 2009 के दौरान एक लाख 57 हजार अनुदान प्रार्थनापत्र कृषकों से प्राप्त हुए थे। कृषकों के हित में इन प्रार्थनापत्रों का निस्तारण होना परम आवश्यक है। इसी परिपेक्ष्य में प्रत्येक पंचायत समिति स्तर पर अगस्त के प्रथम पखवाडे में यह शिविर लगाए जा रहे हैं ताकि शिविर आयोजन से कृषकों को वास्तविक लाभ मिल सके। उन्होंने यह जानकारी दी कि शिविर आयोजन के लिए राज्य के समस्त जिला कृषि अधिकारियों को यह निर्देशित किया गया है कि सभी प्राप्त प्रार्थनापत्रों का निस्तारण सुनिश्चित करें।
कृषि आयुक्त का किसानों से आग्रह है कि वे निर्धारित अवधि में अपनी समस्या का समाधान व कृषि विभाग के कार्यक्रम के अन्तर्गत देय अनुदान पाने के लिए शिविरों में भाग लें ताकि उन्हें कृषि ज्ञान व आदान शिविर खरीफ अभियान 2009 का सही मायने में लाभ मिल सके।