जयपुर। राज्य सरकार की ओर से अवैध खनन एवं निर्गमन की प्रभावी रोकथाम के लिए शनिवार से राज्यभर में खान, वन एवं पुलिस विभाग द्वारा विशेष संयुक्त अभियान संचालित किया जाएगा। वन, पर्यावरण एवं खनिज राज्यमंत्री रामलाल जाट ने बताया कि एक अगस्त से 15 सितम्बर तक चलाए जाने वाले इस विशेष अभियान में राज्य के सभी जिलों में इन विभागों के संयुक्त दल गठित कर अवैध खनन एवं निर्गमन को रोकने हेतु प्रभावी कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने बताया कि राज्य के सभी जिला कलक्टरों एवं पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे विशेष अभियान की प्रभावी मोनिटरिंग कर अभियान की सफलता को सुनिश्चित करें। खनिज राज्यमंत्री ने बताया कि जिलों में जिला कलक्टर एवं पुलिस अधीक्षकों के निर्देशन में संबंधित खनिज अभियन्ता एवं सहायक अभियन्ता कार्य करेंगे। उन्होंने बताया कि विशेष अभियान हेतु गठित संयुक्त दल में खान विभाग के कार्मिकों की व्यवस्था हेतु यथा आवश्यकता भूविज्ञान कार्यालयों के कार्मिकों की सेवाएं भी लिए जाने के निर्देश दिए गए हैं। जाट ने अधिकारियों को अवैध खनन को सभी स्तरों पर रोकने के निर्देश देते हुए कहा कि इस संबंध में किसी भी स्तर पर की गयी लापरवाही अथवा कोताही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने खनन विभाग के अधिकारियों को विशेष अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी स्तरों पर प्रयास किए जाने पर जोर दिया है।खान एवं भू विज्ञान विभाग के निदेशक अजिताभ शर्मा ने बताया कि खनिज अभियन्ता एवं सहायक खनिज अभियन्ताओं को जिले में विशेष अभियान के लिए गठित दल की प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट जिला कलक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को देनी होगी। उन्होंने बताया कि निदेशालय स्तर पर विशेष अभियान के लिए अतिरिक्त निदेशक खान (पर्यावरण एवं विकास) को तथा सह प्रभारी अधीक्षण खनिज अभियन्ता (सतर्कता-मुख्यालय) उदयपुर को बनाया गया है।