कारगर हो प्लास्टिक कैरीबैग्स पर रोक शर्मा
31 Jul
2010
बीकानेर महापौर भवानीशंकर शर्मा ने कहा है कि जिले में एक अगस्त से प्लास्टिक कैरी बैग के उत्पादन, परिवहन, भंडारण, विऋय एवं उपयोग पर पूरी तरह से रोक लगाने के प्रयास किए जाएंगे। इसके लिये आमजन के सहयोग की आवश्यकता है। आमजन से पॉलीथिन मुक्त शहर बनाने का आह्वान किया। शर्मा शनिवार को जस्सूसर गेट पर प्लास्टिक केरी बैग्स मुक्त शहर बनाने के अभियान के अंतर्गत नगर निगम की ओर से कपडे के थैले वितरण के अवसर पर आमजन से समझाइश कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक बैग का उपयोग गंभीर क्षति करता है। इससे न केवल पर्यावरण दूषित होता है, अपितु यह पशु और मानव स्वास्थ्य के लिए भी हानिकारक है। प्रतिबंध लगाया जाना जरूरी है। नगर निगम आयुक्त एम.एम. व्यास ने कहा कि ऐसी समस्या को रोकने के लिए सरकार ने राजस्थान राज्य के संपूर्ण क्षेत्र को प्लास्टिक कैरी बैग मुक्त क्षेत्र के रूप में घोषित करने का निश्चय किया है। इसके लिए सभी का सहयोग अपेक्षित है। व्यास ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण अधिनियम के अंतर्गत लगाए गए इस प्रतिबंध के बाद कोई भी व्यक्ति जिसमें दुकानदार, विक्रेता थोक विक्रेता, फुटकर विक्रेता, फेरी लगाने वाला, रेहडी वाला शामिल है, माल के प्रदाय के लिए प्लास्टिक कैरी बैग्स का उपयोग नहीं करेगा और कोई व्यक्ति एक अगस्त से जिले में प्लास्टिक कैरी बैग का निर्माण, आयात, भंडारण, विऋय और परिवहन नहीं करेगा। अगर कोई व्यापारी इसकी अनुपालना नहीं करेगा तो उसके खिलाफ कार्यवाही का प्रावधान भी है। व्यास ने जनता से आग्रह किया कि वे कल से प्लास्टिक कैरी बेग्स पर प्रतिबंध अभियान में सहयोग करें। इस मौके पर पार्षद पति यशपाल गहलोत, श्रीगोपाल उपाध्याय, घनश्याम बिस्सा, राजकुमार किराडू, शिवशंकर हर्ष सहित नगर निगम के अधिकारी कर्मचारी सफाई निरीक्षक मौजूद थे। बाद में महापौर व आयुक्त ने दुकानदारों से पॉलीथिन न रखने की समझाइश भी की।
|