बीकानेर। महाराजा गंगासिंह विवि द्वारा इस वर्ष की कॉपी जांच में भारी अनियमितताओं के विरोध में सोमवार को एसएफआई के पदाधिकारियों व सदस्यों ने कुलपति भवन पर ताला जड दिया। परीक्षा परिणामों में भारी त्रुटि के चलते पीडत छात्र-छात्राओं ने महाराजा गंगासिंह विवि परिसर में प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। एसएफआई के जिला सचिव ओमप्रकाश खीचड ने बताया कि विवि द्वारा कॉपी जांच में इस वर्ष काफी लापरवाही बरती गई है जिसके चलते छात्र-छात्राओं ने परीक्षाएं दी लेकिन उनकी अंकतालिकाओं में अनुपस्थित दर्शाया गया। कई विषयों में छात्र-छात्राओं को 0 से 20 अंक तक दिये गये। कॉपी जांच में बरती गई इस लापरवाही के कारण छात्र-छात्राओं का भविष्य अंधकारमय हो रहा है तथा इनकी अंकतालिकाओं में अनुपस्थित दर्शाने के कारण अब उन्हें जिस कॉलेज से परीक्षा दी वहां से उपस्थिति रिकार्ड लेकर जाना पड रहा है जो कि न्यायोचित नहीं है क्योंकि लापरवाही किसी की और खमियाजा किसी को। खीचड ने जानकारी दी कि कुलपति का पद रिक्त हने के कारण विवि का कुलपति का पद संभाल रहे संभागीय आयुक्त प्रीतम सिंह से भी विद्यार्थियों का एक शिष्टमंडल अपनी समस्याओं से लेकर मिला। सिंह ने इस मामले की जानकारी लेकर उसका समाधान करवाने की बात कही। एसएपफआई के सदस्यों ने सुबह 10 बजे से लेकर दोपहर 3 बजे तक कुलपति भवन पर ताला लगाये रखा।