दिल्ली मे दिखेगा बीकानेर का जूनागढ पैलेस
31 Oct
2006

जयपुर, 31 अक्टूबर। नई दिल्ली के प्रगति मैदान में आगामी 14 से 27 नवम्बर तक आयोजित होने वाले अन्तर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में राजस्थान मंडप की तैयारियां शुरु हो गई हैं। राज्य की उद्योग सचिव श्रीमती उषा शर्मा ने मंगलवार को मण्डप की तैयारियों का अवलोकन किया।
राजस्थान मंडप के निदेशक श्री रवि अग्रवाल ने इस मौके पर बताया कि मंडप में इस बार बीकानेर के ऐतिहासिक जूनागढ पैलेस की झलक प्रदर्शित की जायेगी। साथ ही बीकानेर के अनूपगढ महल के राज दरबार की झांकी को मण्डप में प्रमुखता से दर्शाया जायेगा। मण्डप के प्रवेश द्वार को इस बार ’’पिछवाई कला‘‘ की पेटिग्स से सजाया जा रहा है।
मण्डप में राजस्थान के पर्यटन विकास और औद्योगिक प्रगति से जुडी झाँकियों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जायेगा। थीम एरिया में राजस्थानी वस्त्रो, टेक्सटाईल्स डिजाईन के साथ रेगिस्तान के धोरों में स्वर लहरियां बिखेरते लंगा और मागणियार कलाकारों की झंाकियां विशेष आकर्षण का केन्द्र रहेंगी।
मंडप में बिजनेस इफोर्मेशन सेंटर, कृषि, खान एवं खनिज, राजस्थली, राजस्थान विद्युत निगम, रीको, पर्यटन, सूचना एवं जन संफ, सहकारिता आदि विभागों की झांकियां भी सजेंगी। इसके अलावा राजस्थानी हस्तशिल्प कला और व्यंजनों का आकर्षण भी रहेगा।
|