आकस्मिक निरीक्षण १०० से ज्यादा सफाई कर्मचारी अनुपस्थित
31 Oct
2006
हनुमानगढ , ३१ अक्टूबर। जिला कलक्टर श्री टी.रविकान्त के निर्देश पर गठित विशेष दल ने मंगलवार को हनुमानगढ टाऊन व जंक्शन में नगरपालिका के सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान १०० से ज्यादा सफाई कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। इसे गम्भीरता से लेते हुए जिला कलक्टर ने नगरपालिका के अधिशाषी अधिकारी को कारण बताओं नोटिस जारी किया है। आकस्मिक निरीक्षण में कई जगह सुबह के समय निरीक्षण के बाद दोपहर बाद भी अनुपस्थित कर्मचारियों की संख्या यथावत रही व कहीं पर अनुपस्थिति की संख्या में बढोतरी हो गई।
जिला कलक्टर श्री टी.रविकान्त ने बताया कि टाऊन स्थित अग्रसेन चौक पर प्रातः कुल ६२ कर्मचारियों में से २० अनुपथित पाए गए। जबकि इसी स्थान पर दोपहर बाद २ बजे किए गए निरीक्षण में २४ कर्मचारी अनुपस्थित थे । टाऊन स्थित नगरपालिका कार्यालय पर प्रातः कुल ६२ में से २१ व दोपहर बाद १८ , जंक्शन में कब्रिस्तान के पास वार्ड नम्बर ६ में प्रातः कुल ३४ में से १ व दोपहर बाद १ , जंक्शन में पुराने नगरपालिका उप कार्यालय में प्रातः कुल ५४ में से २० व दोपहर बाद २९ तथा टाऊन में एच.ओ क्वाटर के पास ४१ में से ११ सफाई कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए।
निरीक्षण दल में जिला रसद अधिकरी श्री नवनीत कृष्ण पुरोहित , जिला समाज कल्याण अधिकारी श्री अशोक जांगिड, कृषि उपज मण्डी के सचिव श्री सुभाष सहारण , पंचायत समिति के विकास अधिकारी श्री रामनिवास बाबल, कृषि विभाग के सहायक निदेशक श्री दानाराम गोदारा तथा पंचायत समिति के कनिष्ठ अभियन्ता श्री राजेन्द्र सिंह शामिल थे ।
|