जयपुर ३१ अक्टूबर। मार्गदर्शन के अभाव में योग्य होने के उपरान्त भी रोजगार व योजनाओं के लाभ के लिए भटक रहे युवाओं के लिए रोजगार मेला वरदान सिद्ध हो रहा है। इस प्रकार के आयोजन ग्रामीण क्षेत्रें के साथ शहरी युवाओं के लिए भी उपयोगी साबित हो रहे हैं।
यह विचार राज्य के जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री श्री कनकमल कटारा ने स्थानीय लक्ष्मण मैदान पर राजस्थान आजीविका मिशन के सहयोग से जिला प्रशासन, जिला रोजगार कार्यालय एवं जिला उद्योग केन्द्र के संयुक्त प्रयासों से आयोजित विशाल रोजगार मेले के उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि के रूप म व्यक्त किए।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने भी बेरोजगारों की व्यथा को समझते हुए लाखों की तादाद में नई नियुक्तियां की हैं और अनवरत जारी है। प्रशासन विशिष्ट प्रयासों के माध्यम से जिले में चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला में यह भी एक महत्त्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि अब डूंगरपुर जिला पिछडे जिले की परिभाषा से बाहर आ रहा है और धीरे धीरे यह विकास की मुख्यधारा में शामिल होगा। सरकार भी क्षेत्र के विकास के लिए प्रयत्नशील है। विगत चार वर्षों में सरकार ने ४० करोड के कार्य टीएसपी क्षेत्र के लिए कराए हैं जो एक कीर्तिमान है।
उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए समारेाह के अध्यक्ष जिला कलक्टर श्री नीरज के. पवन ने कहा कि क्षेत्र के युवाओं को एक ही छत के नीचे समस्त प्रकार के रोजगार, स्वरोजगार एवं ऋण आवेदन संबंधी जानकारी प्रदान की जा रही है।समारोह के विशिष्ट अतिथि नगरपालिका अध्यक्ष श्री शंकरसिंह सोलंकी ने कहा कि संभवतः डूंगरपुर के इतिहास में यह पहला अवसर होगा जब इस तरह का विशाल रोजगार एवं स्वरोजगार मेला आयोजित किया जा रहा है। जिला रोजगार अधिकारी श्री धनपत सिंह ने मेले की रूपरेखा एवं कार्ययोजना के बारे में जानकारी दी। समारोह के आरंभ में अतिथियों ने माँ सरस्वती की छवि के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन व माल्यार्पण कर मेले का शुभारंभ किया।
विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी श्री गजेन्द्र सिंह चौहान उपस्थित थे। इस अवसर पर राजस्थान सिन्टेक्स लिमिटेड की ओर से ३५ से अधिक युवाओं को मौके पर ही अतिथियों की उपस्थिति में नियुक्ति पत्र प्रदान किये। सहारा इण्डिया द्वारा भी समारोह में नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। जिला रसद विभाग की ओर से १९ नये राशन डीलरों को नियुक्ति पत्र प्रदान किये गये। इसी प्रकार बैंक ऑफ बडौदा द्वारा विभिन्न योजनाओं के तहत ऋण व किसान क्रेडिट कार्ड वितरित किये गये।