महारैली से हुआ साक्षरता अभियान अभियान से जुडने का शंखनाद
31 Oct
2007
महारैली से हुआ साक्षरता अभियान अभियान से जुडने का शंखनाद
हम सबका एक ही नारा, साक्षर होगा डूंगरपुर सारा
गुरूवार से प्रारंभ होगी कक्षाएं , लोगों से जुडने की अपील
डगरपुर,३१ अक्टूबर/जिले में चल रहे साक्षरता महाअभियान के तहत जिला मुख्यालय पर बुधवार को एक महारैली का आयोजन किया गया। हजारों विद्यार्थियों की सहभागिता वाली इस रैली के माध्यम से जिले में साक्षरता अभियान से जुडने का विधिवत शंखनाद किया गया।
आज प्रातः स्थानीय राजकीय महारावल उच्च माध्यमिक विद्यालय से प्रारंभ हुई इस महारैली को अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी योगेशचंद्र द्विवेदी ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। महारावल उच्च माध्यमिक विद्यालय के संयोजकत्व में शिक्षा विभाग व जिला साक्षरता समिति के तत्वावधान में आयोजित इस रैली में शहर के सभी प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, माध्यमिक तथा उच्च माध्यमिक विद्यालय के तीन हजार से अधिक विद्यार्थी सम्मिलित हुए।
रैली महारावल उच्च माध्यमिक विद्यालय से प्रारंभ हो साक्षरता संदेश को प्रतिध्वनित करते हुए पुराना अस्पताल, सोनिया चौक, माणक चौक, दर्जीवाडा, मोचीवाडा गेपसागर पाल होती लक्ष्मण मैदान पर समाप्त हुई। रैली में सम्मिलित विद्यार्थी हाथों में साक्षरता संदेश को प्रतिध्वनित करने वाली तख्तियां लिए हुए थे। लक्ष्मण मैदान पर पहुंचे सभी विद्यार्थियों को जिला साक्षरता अधिकारी सरला खियाणी ने साक्षरता अभियान में आखरदूत के रूप में जिले को संपूर्ण साक्षर करने के लिए पूरा-पूरा सहयोग करने की शपथ दिलवाई। उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा आरंभिक तौर पर जिले भर में १०० स्थानों पर एक नवंबर से कक्षाएं संचालित की जाएंगी। उन्होंने समस्त जनप्रतिनिधियों और आमजनों से आग्रह किया गया है कि कक्षाओं में निरक्षरों का लाते हुए साक्षरता अभियान से जुडे।
इस मौके पर डॉ.हितेश भट्ट, प्रेमांशुराम मेहता,बच्चनसिंह यादव, भूपेन्द्र कुमार जैन, नयनेश कोठारी, प्रेरणा भट्ट, अब्दुल लतीफ पठान, भानुशंकर मेहता, हिरूषा शाह, मंजू मेहता समेत कई विद्यालयों के अध्यापक और विद्यार्थी उपस्थित थे।
|