साक्षरता की अलख जगाने थाणा में निकली मशाल रैली
31 Oct
2007
स्याह रात में मशालों की लौ से निकला साक्षरता ज्योत जलाने का संदेश
डगरपुर,३१ अक्टूबर/’जय साक्षरता, जय-जय साक्षरता‘, ’सब पढे, सब बढे‘, हम सबका एक ही नारा, साक्षर होगा डूंगरपुर सारा‘ क उद्घोषों के बीच जब स्याह रात में हाथों में मशालें लिये हुए अधिकारियों व ग्रामीणों का रैला निकला तो लगा कि जैसे निरक्षरता के तम को हरने और साक्षरता की ज्योत जलाने के लिए सारा डूंगरपुर एक हो गया है। मौका था समीपस्थ थाणा गांव में साक्षरता महाअभियान के तहत मंगलवार रात्रि को आयोजित हुई विशाल मशाल रैली का।
गांव के रूद्रेश्वर महादेव मंदिर परिसर पर जिला कलक्टर नीरज के.पवन ने साक्षरता ज्योत स्वरूप मशाल प्रज्ज्वलित की और मशाल रैली को रवाना किया। स्वयं जिला कलक्टर ने हाथ में मशाल लेकर रैली का नेतृत्व किया और साक्षरता ज्योत जलाने का संदेश मुखरित किया। जिला साक्षरता एवं सतत शिक्षा अधिकारी सरला खियाणी, सहायक परियोजना अधिकारी प्रभुलाल कटारा, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी योगेशचंद्र द्विवेदी, ब्लॉक समन्वयक देवीलाल पाटीदार व कांतिलाल रोत, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी महिपालसिंह चौहान समेत कई अधिकारियों ने भी मशाल ले कर साक्षरता संदेश प्रतिध्वनित किया। रैली में बडी तादाद में विद्यार्थी भी सम्मिलित हुए। ढोल-ढमाकों के साथ रैली गांव के प्रमुख मार्गों से होती हुई राजकीय माध्यमिक विद्यालय परिसर में सभा रूप में संपन्न हो गई।
|