लधु उद्योग निगम के अध्यक्ष लोहिया ने जायजा लिया 31 Oct
2007
श्री लोहिया ने बुधवार को नई दिल्ली में राजस्थान मंडप में की जा रही तैयारियों के संबंध में राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के साथ ही निगम, बोर्ड के अधिकारियों की बैठक ली और निर्देश दिए
नई दिल्ली, ३१ अक्टूबर। राजस्थान लद्यु उद्योग निगम के अध्यक्ष श्री मेघराज लोहिया ने नई दिल्ली के प्रगति मैदान में १४ से २७ नवम्बर तक होने वाले २७वें भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला के लिए राजस्थान पवेलियन में की जा रही तैयारियों की जानकारी ली और मौका मुआयना करते हुए तैयारियों की गति को और तेज करने के निर्देश दिए।
श्री लोहिया ने बुधवार को नई दिल्ली में राजस्थान मंडप में की जा रही तैयारियों के संबंध में राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के साथ ही निगम, बोर्ड के अधिकारियों की बैठक ली और निर्देश दिए कि हम इस अंतर्राष्ट्रीय मेला के अनुरूप राजस्थान मंडप में प्रदेश की ऐसी झलक प्रस्तुत करें कि राज्य पवेलियन में प्रदेश का प्रदर्शन सर्वश्रेष्ठ बनकर उभरे। साथ ही राज्य की छवि को बेहतर ढंग से पेश किया जाए ताकि देश-विदेश में अच्छा संदेश फैल सके।
उन्होंने निर्देश दिए कि राजस्थान मंडप में स्थापित होने वाले बिजनेस सेंटर में प्रदेश के संबंध में पूछे जाने वाली सभी प्रकार की जानकारियों का सही और प्रभावी ढंग से जवाब दिये जाने चाहिए ताकि निवेशकों के लिए राजस्थान में आने का मार्ग प्रशस्त हो सके।
श्री लोहिया ने बताया कि राज्य की मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे की दूरदृष्टि से प्रदेश निवेशकों के आकर्षण का केन्द्र बन रहा है। मुख्यमंत्री की मंशा प्रदेश में ५ हजार से ६ हजार करोड रूपये का निवेश लाने की है। इस क्रम में आगामी ३० नवम्बर से जयपुर में दो दिन का ’रिसर्जेंट राजस्थान‘ का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें निवेशकर्ताओं को आमंत्रित किया जा रहा है।
उन्होंने व्यापार मेला की थीम ’प्रोसेसड् फूड और एग्रो इंडस्ट्रीज‘ के अनुरूप प्रदेश की उपलब्धियों को उजागर करने पर बल दिया। श्री लोहिया ने बताया कि राजस्थान कृषि, डेयरी, तिलहन, दलहन आदि क्षेत्रें में देश का अग्रणी प्रदेश है। साथ ही हम उर्जा के क्षेत्र में निरंतर प्रगति की ओर बढ रहे है। राज्य सरकार की घोषणा के अनुरूप प्रदेश मे कहीं ’पावर-कट‘ नहीं किया जा रहा है। विकास की इन उपलब्धियों को व्यापार मेला में मुख्य रूप से उजागर किया जाना चाहिए। साथ ही राजस्थान की कला, संस्कृति, इतिहास, हस्तशिल्प, पर्यटन, खानपान आदि को भी आकर्षण ढंग से प्रस्तुत किया जाए।
राजस्थान मंडप के निदेशक श्री रवि अग्रवाल ने प्रारंभ में मंडप में की जा रही तैयारियों की विस्तार से जानकारी दी और बताया कि प्रतिवर्ष १० से १४ लाख लोगों पवेलियन को देखने आते है। उन्होने मंडप में शामिल होने वाले प्रतिभागियों के संबंध में भी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि व्यापार मेला में इस वर्ष २६ नवम्बर को राजस्थान दिवस मनाया जाएगा। पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक अजय शर्मा ने बताया कि इस दिन प्रगति मैदान के लालचौक थियेटर पर सांय ७ बजे से ९ बजे के मध्य राजस्थानी कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा।
बैठक में रीको, आर.एफ.सी., कृषि, सहकारिता, डेयरी, बिजली कंपनियां, पर्यटन, राजस्थान होटल कारपोरेशन, रूडा, बुनकर संघ, राजस्थान लघु उद्योग निगम, सूचना एवं जनसम्फ आदि विभागों के अधिकारीगण मौजूद थे।