जनजाति क्षेत्र में हरसंभव विकास होगा
31 Dec
2007 जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री नंदलाल मीणा ने यह बात सोमवार को बांसवाडा जिले के गढी तहसील मुख्यालय पर आयोजित अभिनंदन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में व्यक्त किए।
बांसवाडा, ३१ दिसम्बर/ जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री नंदलाल मीणा ने कहा है कि प्रदेश की वसुन्धरा सरकार बुनियादी सुविधाओं के विकास एवं विस्तार के साथ ही पुरातन सांस्कृतिक धरोहरों और कलात्मक ऐतिहासिक विरासतों के संरक्षण के क्षेत्र में ऐतिहासिक काम कर रही है और इन सांस्कृतिक परम्पराओं को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए हरसंभव प्रयासों को बल दिया जा रहा है।
जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री नंदलाल मीणा ने यह बात सोमवार को बांसवाडा जिले के गढी तहसील मुख्यालय पर आयोजित अभिनंदन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में व्यक्त किए। समारोह की अध्यक्षता चिकित्सा व स्वास्थ्य राज्यमंत्री भवानी जोशी ने की जबकि क्षेत्रीय सांसद धनसिंह रावत, समाजसेवी ओम पालीवाल, हकरू भाई मईडा, भेमजी भाई पाटीदार एवं कैलाश मीणा विशिष्ट अतिथि थे। इस अवसर पर दोनों मंत्रियों, सांसद व अन्य अतिथियों को साफे बंधवाए गए।
जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री ने बताया कि आदिवासी क्षेत्रें में विकास के लिए क्षेत्रीय जनता की मांग और प्राथमिकताओं को सर्वोपरि रखकर कार्य किया जाएगा।
स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्यमंत्री भवानी जोशी ने जनजाति क्षेत्र में अपार विकास की संभावनाओं को रेखांकित किया और कहा कि नंदलाल मीणा के निर्देशन व नेतृत्व में इस दिशा में ऐतिहासिक सफर तय होगा।
भवानी जोशी ने बताया कि वर्तमान सरकार आदिवासियों के धाम के रूप में प्रसिद्ध तीर्थ स्थलों का विकास चाहती है और इसीलिए बेणेश्वर के बाद अब घोटिया आम्बा के विकास की दृष्टि से राज्य सरकार से चार करोड रुपए के काम स्वीकृत करने का आग्रह किया गया है। आगामी ५ जनवरी को मुख्यमंत्री की घोटिया आम्बा यात्र के दौरान् क्षेत्र के तमाम जन प्रतिनिधियों की ओर से इस बारे में चर्चा की जाएगी।
सांसद धनसिंह रावत ने केशवबाडी योजना का जिक्र किया और कहा कि रोजगार गारंटी योजना में आदिवासिय के लिए राज्य सरकार उपयोजना बना सकती है और इसमें आदिवासियों को मकान बनाने की योजना ली जानी चाहिए और इसके लिए कम से कम प्रत्येक मकान के लिए दो लाख रुपए की धनराशि दी जानी चाहिए।
आरंभ में पुष्पहारों से अतिथियों का स्वागत भेमजी भाई पाटीदार, कैलाश मीणा, प्रकाश नागदा, भूपेन्द्र जोशी, महेश औचार, कमल मीणा, दिनेश मेहता, जीतमल कोठारी, रावजी मईडा, दिलवरसिंह, रामलाल कटारा आदि ने किया। संचालन समाजसेवी प्रकाश नागदा ने किया। आभार प्रदर्शन ओम पालीवाल ने किया।
इस अवसर पर उपखण्ड अधिकारी भवानी सिंह पालावत, तहसीलदार अमृतलाल डामोर, जनजाति क्षेत्रीय विकास विभागीय अधिकारी गिरधारी सिंह एवं बुद्धिसागर उपाध्याय, विकास अधिकारी फतहसिंह डांगर आदि उपस्थित थे। अधिकारियों व जन प्रतिनिधियों से चर्चा बाद में जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री नंदलाल मीणा ने गढी रेस्ट हाउस में स्थानीय विकास तथा समस्याओं के निराकरण के बारे में स्थानीय अधिकारियों और जन प्रतिनिधियों से चर्चा की और समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।