श्री सियाणा भैरव मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा समारोह 17 से
29 Apr
2010
बीकानेर आकाशनदी छंगाणी मोहल्ला स्थित 175 वर्ष पुराने श्रीसियाणा भैरव मंदिर में श्रीसियाणा भैरव की नव मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा समारोह 17 मई से आयोजित होगा। मोहल्ला विकास समिति के अध्यक्ष हुकमचंद छंगाणी के अनुसार तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठानों का शुभारंभ नत्थूसर गेट के बाहर स्थित कपिल क्रीडा आश्रम में हेमाद्रि संकल्प के साथ होगा। शाम को यहां से कलश यात्रा निकाली जायेगी, जो नत्थूसर गेट, बारहगुवाड चौक, सूरदासाणी मोहल्ला होती हुई आकाशनदी छंगाणी मोहल्ला स्थित भैरव मंदिर पहुंचकर संपन्न होगी। कलश यात्रा में 101 महिलाएं शामिल होगी। समारोह के दूसरे दिन 18 मई को कोलायत तहसील में स्थित श्रीसियाणा गांव में सियाणा भैरव की ज्योत दूध की धार के साथ बीकानेर लाई जायेगी व मंदिर में स्थापित की जायेगी। पं.अशोक ओझा के आचार्यत्व में 21 वेदपाठी ब्राह्मणों के सामूहिक मंत्रोचारण के साथ देवपूजन, सहस्त्रानाम हवन आदि कार्यक्रम संपन्न होंगे। शाम को यहां से एक भव्य शोभायात्रा निकाली जायेगी, जिसमें सजीव झांकियां प्रदर्शित की जायेगी। शोभायात्रा छंगाणी मोहल्ला से मूंधडा भवन, बारहगुवाड, रत्ताणी व्यास चौक मोहता चौक, मरूनायक चौक, आचार्य चौक, दफ्तरी गली, भट्ठडों का चौक, बेणीसर बारी होते हुए पुनः छंगाणी मोहल्ला पहुंचकर संपन्न होगी। 19 मई को देवपूजन, हवन के साथ श्रीसियाणा भैरव की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा, तेलाभिषेक, पूजन, श्रृंगार, महाआरती व महाप्रसाद के आयोजन होंगे। छंगाणी के अनुसार लगभग 175 वर्ष पुराने इस मंदिर के जीर्णोद्धार का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। सियाणा भैरव की नवमूर्ति के निर्माण के सफल आयोजन के लिये कमेटियों का गठन किया जा रहा है।
|