बीकानेर सेना के ट्रेनिंग कैम्प से भागे एक प्रशिक्षु जवान ने आज सुबह यहां बीकानेर में रेलवे प्लेटफार्म के समीप बांद्रा एक्सप्रेस के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक की शिनाख्त जोधपुर जिले के गांव चिमाणा निवासी मूलसिंह राजपूत पुत्र इन्द्रसिंह के रूप में हुई है। जीआरपी थाना पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक प्रशिक्षु सैनिक के पेंट की जेब से उसका पहचान पत्र व सेन्ट ट्रेनिंग कैम्प मुख्यालय फतेहगढ के अफसर के नाम लिखे प्रार्थना पत्र की प्रति भी बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार प्रशिक्षु सैनिक ने सुबह करीब 8.35 बजे कोटगेट रेलवे क्रॉसिंग और स्टेशन के बीच आउटर सिग्नल के पास बांद्रा एक्सप्रेस के आगे छलांग लगा दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रेन की चपेट में आने के बाद मृतक का शव ट्रेन और पटरियों के बीच बुरी तरह से फंस गया, जिसे मौके पर मौजूद सावधान संस्था के संयोजक दिनेशसिंह भदौरिया और उनके सहयोगियों ने कडी मशक्कत करके निकाला। ट्रेन के आगे प्रशिक्षु फौजी द्वारा कूदकर आत्महत्या किये जाने के घटना के बाद लालगढ से बीकानेर रेलवे स्टेशन की तरफ आ रही ट्रेन कोटगेट रेलवे क्रॉसिंग के बीच करीब आधे घंटे तक खडी रही, जिसके कारण क्रॉसिंग बंद रहने की वजह से मौके पर जबरदस्त जाम लग गया और लोगों को खासी परेशानी झेलनी पडी।