बीकानेर, जिला कलक्टर श्रेया गुहा की अध्यक्षता में शुक्रवार को आयोजित जिला जन अभाव अभियोग एवं सतर्कता समिति की बैठक में प्रारंभिक शिक्षा से जुडे प्रकरणों में कार्यवाही नहीं किये जाने पर निदेशक प्रारंभिक शिक्षा को पत्र लिखने का निर्णय लिया गया। कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में गुहा ने कहा कि अध्यापिका ज्योति वर्मा को मकान भत्ता देने के लिए निदेशक द्वारा भुगतान आदेश दिये जाने के बावजूद सक्षम अधिकारी द्वारा भुगतान नहीं करवाने और नारायण दास व्यास का पेंशन प्रकरण का निस्तारण नहीं होने के मध्यनजर निदेशक प्रारंभिक शिक्षा को पत्र लिखा जायेगा। साथ ही उन्होंने आगामी बैठक में सक्षम अधिकारी को उपस्थित रहने के भी आदेश दिये। उन्होंने सेवा निवृत उपकोषाधिकारी रवीन्द्र प्रकाश के पेंशन,वेतन स्थिरीकरण के निस्तारण के लिए उनका सेवा रिकार्ड सार्वजनिक निर्माण विभाग से मंगवाकर प्रकरण के निस्तारण के निर्देश जिला कोषाधिकारी को दिये। जिला कलक्टर ने ग्राम उदासर में सडक एवं ग्राम पंचायत भूमि पर अवैध कब्जों की शिकायत पर तहसीलदार से भूमि के स्वामित्व की जांच कराने के निर्देश दिये । मौहल्ला खटीकान में आवासीय मकान में बिना इजाजत तामिर के हटल में परिवर्तन करने के मामले में उन्होंने नगर निगम आयुक्त को कानूनी प्रक्रिया अपनाते हुए कार्यवाही करने के निर्देश दिये। साथ ही नगर निगम से सेवानिवृत गवरा को पेंशन,ग्रेच्यूटी व कोम्यूटेशन का भुगतान एक माह में दिलाने के भी निर्देश दिये। राजकीय प्राथमिक विद्यालय धोराबास के अध्यापक सुधीर कुमार मल्लाह को चयनित वतनमान के एरियर भुगतान की कार्यवाही का फोलोअप किये जाने के निर्देश दिये। बैठक में केशवानन्द ग्राम विद्यापीठ संस्था महाजन में फर्जी भुगतान उठाने की शिकायत को झूठी बताने पर शिकायत व जांच रिपोर्ट का मिलान करने,आयुक्त नगर निगम को नथाणिय की परोल में निगम की खांचा भूमि का मौके पर वस्तु स्थिति की जांच करने के निर्देश दिये गये। समिति में दर्ज 25 प्रकरणों में से 6 का निस्तारण किया गया। समिति के संयोजक एवं जिला रसद अधिकारी पी.सी.मावर ने दर्ज प्रकरणों में हुई कार्यवाही प्रस्तुत की। बैठक में विधायक बीकानेर पश्चिम गोपाल जोशी,अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक सतीश चंद्र जांगिड,आयुक्त नगर निगम एम.एम.व्यास,विशेषाधिकारी यूआईटी मौलाबक्श सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।