बीकानेर। पब्लिक पार्क में कल जिस शख्स का शव लावारिश हालत में बरामद हुआ था वह अज्ञात मृतक यहां राजकीय पोलिटैक्निक कॉलेज का छात्र मनीष सिंघल (20) था, जिसकी शिनाख्त आज सुबह हो गई। पुलिस के मुताबिक दो दिन पहले अपने क्वार्टर से लापता इस छात्र ने जहर खाकर आत्महत्या की है, जिसकी गुमशुदगी रिपोर्ट भी व्यास कॉलोनी थाने में 27 अगस्त को दर्ज हुई थी। गौरतलब रहे कि कल सुबह पब्लिक पार्क में पडी इस युवक की लाश मिलने से एकबारगी सनसनी सी फैल गयी थी। मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाने के कारण सदर थाना पुलिस ने उसका शव कब्जे में लेकर पीबीएम अस्पताल के मुर्दाघर में रखवा दिया। जिसके परिवार जनों और दोस्तों ने आज सुबह शिनाख्त कर ली। मृतक मनीष सिंघल पुत्र वेदप्रकाश सिंघल वल्लभनगर भरतपुर का वाशिंदा था, जो यहां पोलिटैक्निक कॉलेज में प्रथम वर्ष का छात्र था। पुलिस ने इस संबंध में धारा 174 के तहत कार्यवाही दर्ज कर जांच पडताल शुरू कर दी है और उसके द्वारा आत्महत्या किये जाने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।