एक अधेड आदमी अपनी पत्नी से खूश नही था इसलिए वह एक और औरत ले आया। दोनो पत्नियां एक-दूसरे को फूटी आंख नही देख सकती थी। ये हमेशा झगडती रहती थी। इससे परेशान होकर उनके पति ने शहर के अलग-अलग मोहल्लो में दो शानदार मकान बनवाए।
बडी तकरार के बाद दोनो पत्नियां इस बात पर राजी हुई कि पति बारी-बारी से एक-एक दिन उनके साथ रहेगा। जब पति छोटी पत्नी के साथ रहता तो वह पति के सर से जुंए निकालने के बहाने उसके सारे सफेद बाल उखाड देती। वह चाहती थी कि उसका पति जवान दिखे और उसके सर पर एक भी सफेद बाल न हो। वह आदमी अपनी बडी उम्रदराज पत्नी के पास रूकता तो वह उसके काले-बाल उखाड देती। बडी पत्नी को यह अच्छा नही लगता था कि उसका पति उससे छोटा दिखे। नतीजा यह हुआ कि कुछ समय बाद उस आदमी के सर पर एक भी बाल नही बचा। वह गंजा था। लोग उसके लिए कहने लगे- दो पत्नियो का भरतार बिन मारे मरता करतार।