बीकानर, जिला कलक्टर डॉ पृथ्वीराज ने कहा है कि चौखूंटी पर बनने वाले रेलवे ओवर ब्रिज के दोनों तरफ विद्युत के पोल 15 जुलाई तक हटाकर अंडर ग्राउंड केबल का कार्य पूर्ण कर लिया जाए। केबल का कार्य पूर्ण गुणवता व मानदंडों के अनुसार किया जाए। इस पुल पर 22 करोड रुपए खर्च होंगे। डॉ पृथ्वी सोमवार को चौखूंटी रेलवे ओवर ब्रिज पर बन रहे आर.ओ.बी. का निरीक्षण कर रहे थे। उन्होंने चौखूंटी ओवर ब्रिज निर्माण में बनने वाले 22 पिलरों को देखा। कार्यकारी एजेन्सी सिम्लेक्स को निर्देश दिए कि जो पिलर बन गए है उनके चारों तरफ में खड्डों को वर्षा से पूर्व मिट्टी भरवाने का कार्य मंगलवार तक कर लिया जाए। उन्होंने इरकोन व सिम्पलेक्स दोनों संस्थानों के अभियंताओं को निर्देश दिए कि आपस में समन्वय रखते हुए कार्य सम्पादित करें। जिला कलक्टर ने नगर निगम के भण्डार में कार्यकारी एजेन्सी द्वारा पुल निर्माण में उपयोग होने वाले 1500 आर.सी.सी. के ब्लॉक के कार्य को भी देखा। प्रत्येक ब्लॉक का वजन अनुमानित एक टन है। इन ब्लॉक के निर्माण की गुणवता व बनने की विधि को देखा। ब्लॉक के लिए और स्थान उपलब्ध करवाने के लिए आयुक्त नगर निगम को निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने नगर विकास न्यास के अधिकारियों को निर्देश दिए कि चौखूंटी रोड जिला अस्पताल की ओर बाबा रामदेव मंदिर के पीछे सडक निर्माण का कार्य एक सप्ताह में कर लिया जाए। उन्होंने न्यास के अभियंता को कहा कि कार्य में विलम्ब के कारण आमजन को परेशानी होना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगले सोमवार तक सडक नहीं बनी तो संबंधित अभियंता के विरुद्घ सख्त अनुशासनात्मक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि इसी तरह रेलवे फाटक के पास स्थित दोनों तरफ की सडकें जो चौखूंटी व मोहल्ला व्यापारियान की ओर आती है, इन्हें भी ठीक किया जाए साथ ही अन्य छोटी गलियों को भी ठीक किया जाए।
भण्डार की सडक के जांच के निर्देश
जिला कलक्टर डॉ.पृथ्वी जब भण्डार में कार्यकारी एजेन्सी द्वारा आर.सी.सी.के ब्लॉक को देखने गए तो हाल ही भण्डार में बनी सडक के निर्माण को गुणवता पूर्वक नहीं होना पाया। मौके पर ही सार्वजनिक निर्माण विभाग के क्वालिटी कंट्रोल के अभियंताओं को मोबाइल से बुलाया और सडक का तीन अलग-अलग स्थानों से जांच के नमूने लेने के निर्देश दिए। डॉ.पृथ्वी के निर्देश पर अभियंताओं ने तत्काल आकर नमूने लिए। इसकी जांच की रिपोर्ट अगले तीन दिन में जिला कलक्टर को दी जाएगी। जांच में गुणवता पूर्वक सडक का निर्माण नहीं पाया गया तो कार्यकारी एजेन्सी व निगम के अभियंताओं के विरुद्घ सख्त कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
कबाड करें निलाम
डॉ.पृथ्वी ने नगर निगम आयुक्त को निर्देश दिए कि निगम के भण्डार का उपयोग पुल के निर्माण के किया जा रहा है। लोहे आदि का कबाड पडा होने के कारण पुल निर्माण कार्य में लगी कार्यकारी एजेन्सी को दिक्कत का सामना करना पडता है। कबाड बेचने के लिए सक्षम अनुमति प्राप्त करने के लिए मंगलवार को पत्र लिखकर प्रस्तुत करें, जिससे अनुमति दी जा सके।
|