सत्य शांति पुरस्कार बिस्सा दम्पति को भी मिलेगा
सूरतगढ। राज्य स्तर पर प्रति वर्ष आयोजित होने वाले सत्य शांति सम्मान के लिए इस वर्ष की 12 प्रतिभाओं के नाम शिक्षक दिवस के अवसर पर घोषित किये गए हैं। सत्यनारायण बोहरा की स्मृति में प्रति वर्ष प्रदान किये जाने वाले इस सम्मान में शिक्षा, कला एवं संस्कृति, अभिनय, पर्यावरण, पत्रकारिता, चिकित्सा, समाजसेवा, खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 11 प्रतिभाशाली व्यक्तियों को यह पुरस्कार प्रदान किया जाता है। संस्थान अब तक 68 प्रतिभाओं को सम्मानित कर चुकी है। श्रीमती शंतिदेवी सत्यनारायण बोहरा स्मृति संस्थान की चयन समिति के अध्यक्ष कन्हैयालाल यादव ने 12 प्रतिभाओं के नाम घोषित करते हुए बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में मदनलाल शर्मा (सांगानेर, जयपुर), समाज सेवा में परमहंस स्वामी ब्रह्मदेव (श्रीगंगानगर) एवं भगवत कटारा (भरतपुर), पत्रकारिता एवं जन संचार में एम.आर. सिंघवी (सोजत, पाली), उन्नत कृषि में प्रगतिशील किसान मूलसिंह राठौड (दूधवा मीठा, चुरू), लोकगायन में रूकमा मांगणियार (रामसर, बाडमेर), चिकित्सा एवं वन्य प्राणी संरक्षक में डॉ. जी.एस. राठौड (शेरगढ, सवाई माधोपुर), पर्वतारोहण में दम्पत्ति मगन बिस्सा डॉ. सुषमा बिस्सा (बीकानेर) को संयुक्त रूप से, मूर्तिकला में लक्ष्मण व्यास (नोहर, हनुमानगढ) युवा प्रतिभा में डॉ. मनीराम शर्मा (आई.ए.एस. चयनित) बदनगढी अलवर, अभिनय में अमर शर्मा (सूरतगढ) का चयन किया गया है। मीडिया प्रभारी राजेन्द्र उपाध्याय के अनुसार संस्था की ओर से यह सातवां सम्मान समारोह 13 दिसम्बर को जयपुर में आयोजित किया जाएगा।