बीकानेर, बीकानेर नगर विकास न्यास के नवनियुक्त अध्यक्ष हाजी मकसूद अहमद ने शपथग्रहण समारोह के तुरन्त बाद बीकानेर के पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने बताया कि नगर विकास न्यास के स्वर्ण जयंति वर्ष के दौरान बीकानेर में विकास के करोडों रूपये के कार्य करवाए जाएंगे। इस दौरान बीकानेर में 5 करोड रूपये की लागत से सडक व नाली निर्माण के कार्य, 5 करोड रूपये की लागत से कच्ची बस्तियों में पेयजल की व्यवस्था के कार्य, 1 करोड रूपये की लागत से सार्वजनिक निर्माण व श्मशान भूमि के निर्माण व विकास के कार्य, 50 लाख रूपये की लागत से विद्युत शवदाहगृह, 30 लाख रूपये की लागत से अशोक नगर श्मशान भूमि का कार्य व अन्य विकास के कार्य करवाए जाएंगे। हाजी मकसूद अहमद ने बताया कि हाल ही में कुछ कच्ची बस्तियों को नगर विकास न्यास से नगर निगम को हस्तांतरित किया गया है तो जन भावना को ध्यान में रखते हुए 9 कच्ची बस्तियों को वापस नगर विकास न्यास को हस्तांतरित कराने की कार्यवाही की जाएगी। इसी दौरान गंगाशहर के चांदमल बाग के मिनी सूरसागर को समाप्त करने के लिए 5 करोड रूपये की लागत से कार्य करवाया जाएगा जिसका शिलान्यास 5 दिन बाद ही किया जा रहा है। इसी तरह 42.5 लाख रूपये की लागत से गोचर भूमि के संरक्षण का कार्य प्राथमिकता से करवाया जाएगा। नवनियुक्त अध्यक्ष हाजी मकसूद अहमद ने बताया कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से समय लेकर अतिशीघ्र ही चौंखूटी पर बनने वाले रेलवे ओवरब्रिज का शिलान्यास भी कर दिया जाएगा।
हाजी मकसूद अहमद ने बताया कि बीकानेर में विकास के काम को गति दी जाएगी और एक अंतर्राष्ट्रीय स्तर का खेल परिसर तैयार करवाया जाएगा जिसमें कईं तरह के खेलों के मैदान होंगे। नवनियुक्त अध्यक्ष ने कहा कि कच्ची बस्तियों सहित जिन कॉलोनियों से आय होती है उसका हिस्सा उसी कॉलोनी के विकास पर खर्च किया जाएगा कहीं ओर नहीं, इसी के साथ मुरलीधर व्यास नगर के बकाया पडे भूखण्ड प्रकरण का भी पूरी जानकारी लेकर शीघ्र निस्तारण कर दिया जाएगा और किराडूओं की बगेची के पास अंतर्राष्ट्रीय स्तर के वुड फोसिल्स सेंटर का काम भी आगामी दो माह के अंदर ही चालू कर दिया जाएगा जो कि पिछले लम्बे समय से बंद पडा है।
झलकियाँः-
- मकसूद अहमद आतिशबाजी के साथ व तासों की आवाज के साथ जुलुस के रूप में नगर विकास न्यास पहचे।
- शहर काँग्रेस अध्यक्ष जनार्दन कल्ला, मेयर भवानीशंकर शर्मा, जिला प्रमुख रामेश्वर डूडी सहित कोई भी नेता जुलुस में नहीं था वरन् समारोह से पूर्व ही समारोह स्थल पर पहच गए थे।
- मंच पर रामेश्वर डूडी, भवानीशंकर शर्मा, जनार्दन कल्ला, लक्ष्मण कडवासरा की एक साथ उपस्थिति चर्चा की विषय थी व गुटबाजी से हटकर थी।
- कार्यक्रम में तनवीर मालावत, सुरेन्द्र व्यास, सहित कांग्रेस के सभी गुटों के लोग मौजूद थे।
- जिला कलक्टर ने शपथ ग्रहण के बाद अपनी ओर से कार्य में गुणवत्ता की शपथ दिलाई
- मकसूद अहमद को माला पहनाने की होड रही और माल्यार्पण का कार्यक्रम काफी लम्बा चला जिसमें सबको राजी करने का प्रयास किया गया।
- मकसूद अहमद ने अपने भाषण में सोनिया गांधी, अशोक गहलोत, मुकुल वासनिक, बी डी कल्ला व जनार्दन कल्ला का ही आभार व्यक्त किया किसी अन्य स्थानीय नेता का नाम नह लिया।
- मकसूद अहमद ने भाषण के दौरान कहा कि वो सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक कार्यालय में आमजन से मिलेंगे ताकि कोई ये न कहे कि कार्यालय का चेयनमैन कभी कार्यालय में मिलता ही नहीं है और न ही मेरा मोबाईल बंद रहेगा, इसे काँग्रेस के ही एक अन्य वरिष्ठ नेता पर कटाक्ष के रूप मे देखा गया।
हाजी मकसूद अहमद जयपुर रवाना रास्ते में डूंगरगढ में हुआ स्वागत
नगरा विकास न्यास बीकानेर का अध्यक्ष नियुक्त करने के कारण बीकानेर शहर जिला काँग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत व स्वायत्त शासन मंत्री शांति धारीवाल का धन्यवाद देने के लिए नवनियुक्त नगर विकास न्यास बीकानेर के अध्यक्ष हाजी मकसूद अहमद, बीकानेर शहर जिला काँग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष बाबू जय शंकर जोशी व शहर काँग्रेस के प्रवक्ता बिट्ठल बिस्सा जयपुर रवाना हुए हैं। शहर काँग्रेस अध्यक्ष जनार्दन कल्ला ने इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गाँधी, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, राजस्थान प्रभारी मुकुल वासनिक व राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ बी डी कल्ला का धन्यवाद ज्ञापित किया है कि हाजी मकसूद अहमद को नगर विकास न्यास का अध्यक्ष बनाया गया है। कल्ला ने कहा कि इस निर्णय से काँग्रेस के कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार होगा और बीकानेर शहर के विकास को चार चांद लगेगे।
जयुपुर जाते हुए रास्ते में डूंगरगढ के विधायक मंगलाराम गोदारा ने हाजी मकसूद अहमद का स्वागत किया और माल्यार्पण किया। इस अवसर पर शहर काँग्रेस के पदाधिकारियों बाबू जयशंकर जोशी, श्रीलाल व्यास व बिट्ठल बिस्सा का भी स्वागत किया गया।
|