गांधी और शास्त्री का जीवन संतुलित जीवन जीने की शिक्षा देता है - यशपाल गहलोत

बीकानेर, 2 अक्टूबर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर बीकानेर शहर देहात जिला कांग्रेस कमेटी ने गांधी पार्क स्थित गांधी प्रतिमा स्थल पर पुष्पांजलि और स्मरण सभा का आयोजन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शहर जिला कांग्रेस कमेटी के यशपाल गहलोत ने की। उन्होंने कहा कि गांधी और शास्त्री का जीवन हमें सादगी, संतुलन और जीवन जीने की कला सिखाता है। गांधी के अहिंसा के सिद्धांत ने विश्व को दिशा दी और उन्होंने भारत को स्वतंत्र कराने के साथ ही सर्वधर्म समभाव के माध्यम से समाज को एक सूत्र में पिरोया।

bikaner congress tribute to gandhi and shastri


देहात कांग्रेस संगठन महामंत्री मार्शल प्रहलाद सिंह ने कहा कि सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर देश को आजाद कराने वाले महात्मा गांधी का योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। प्रदेश महासचिव जियाउर्रहमान ने शास्त्री जी को याद करते हुए कहा कि उन्होंने “जय जवान, जय किसान” का नारा देकर हरित क्रांति की नींव रखी और किसानों व आमजन को देश के विकास का भागीदार बनाया। प्रदेश महासचिव गजेन्द्र सांखला ने कहा कि दोनों महापुरुषों का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणास्पद है।

महिला कांग्रेस शहर जिलाध्यक्ष शशिकला राठौड़ ने कहा कि आज आवश्यकता है गांधी की छवि का अनुसरण करते हुए बंटते हुए भारत को फिर से जोड़ने की। अन्य वक्ताओं ने गांधी और शास्त्री के जीवन प्रसंग साझा किए और उनके आदर्शों को वर्तमान समय में प्रासंगिक बताया।

कार्यक्रम में श्रवण रामावत, आनंद सिंह सोढा, शहजाद भुट्टा, सुमित कोचर, अनिल सारड़ा, नितिन वत्स, वंदना गुप्ता, राहुल तोलाराम सियाग, करणीसिंह राजपुरोहित सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।